खूंटीः झारखंड के खूंटी में एक नाबालिग लड़के और लड़की की हुई हत्या से सनसनी है. पुलिस जांच में जुटी है. दोनों की हत्या के बाद लाश को मारंगबुरू पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया गया था. पुलिस ने लाश बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
दोनों जिवरी गांव के रहने वाले हैं. उनकी पहचान बिसु पाहन (16) और सुमी मंडू (17) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक रविवार की रात सोयको गांव में छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. दोनों एक साथ छऊ नृत्य देखने गए थे. रात एक बजे बिसू पाहन का कथित तौर पर कुछ अपराधिक प्रकृति के युवाओं से विवाद हो गया.
विवाद बढ़ने के बाद दोनों को पास के खेत में ले जाकर टांगी से हत्या कर दी गई. इसके बाद साक्ष्य छुपाने के मकसद से शवों को मारंगबुरू पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया. सोमवार की सुबह जंगल की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने दो लाशें देखने के बाद पुलिस को जानकारी दी.
खूंटी के एसपी ने कहा है कि सभी एंगल से पुलिस जांच में जुटी है. जल्दी ही इस कांड का खुलासा होगा. और हत्या करने वाले जेल के सलाखे के पीछे होंगे.
