गढ़वाः झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल स्थित लातदाग में इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है.
मेराल के ‘शिवनंदन फ्यूल’ पेट्रोल पंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में पेट्रोल पंप के कर्मचारी गैलन (डब्बे) में पेट्रोल-डीजल देने के एवज में उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से 200 अतिरिक्त (अवैध वसूली) मांगते हुए साफ नजर आ रहे थे.
वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर आने के बाद गढ़वा के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने तुरंत जांच के निर्देश दिए थे.
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने जांच में आरोपों को सही पायी. त्वरित कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है.
इसके साथ ही दोषी पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके अलावा, इस पूरे फर्जीवाड़े और कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर को भी भेज दी गई है.
कार्रवाई के दौरान मौके पर सदर एसडीएम के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, अंचल अधिकारी सह बीडीओ यशवंत नायक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत और पुलिस बल मौजूद था.
