जमशेदपुरः कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव में सत्तारूढ़ दलों के अंदर एक सीट पर कांग्रेस का स्वभाविक दावा बनता है.
दस राज्यों में राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव के तारीखों का एलान चुनाव आयोग ने कर दिया है. इनमें झारखंड की भी दो सीटें शामिल हैं. शिबू सोरेन के निधन से एक सीट खाली हुई है, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा के दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा हो रहा है.
खबरों के मुताबिक चुनाव की घोषणा के बाद प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा है कि झामुमो को भी अब सीट बंटवारे की जल्द घोषणा कर देनी चाहिए, ताकि कांग्रेस तैयारी कर सके. दो में एक सीट पर कांग्रेस का स्वभाविक दावा बनता है. इसमें किंतु-परंतु वाली कोई बात रहनी ही नहीं चाहिए. अगर झामुमो सीट शेयरिंग में देरी करती है तो फिर लोग सोचने में ये मजबूर होंगे की दाल में कुछ काला है।
इसलिए गठबंधन के मजबूती को ले झामुमो को आगे बढ़कर इसकी घोषणा करनी चाहिए. झारखंड में नेतृत्व झामुमो कर रहा है. राज्यसभा में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए उसे सोचना चाहिए.
