पलामू: झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 22 साल की बेटी की टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी है. घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार है.
लेस्लीगंज के थाना प्रभारी उत्तम राय ने बताया है कि प्रारंभिक तौर पर छानबीन में पता चला है कि मोबाइल बेटी की मोबाइल पर कुछ तस्वीरें देखकर पिता ने आक्रोश में यह कदम उठाया है. कथित प्रेम प्रसंग के बारे में जानकारी मिली है. इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है. साथ ही पिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी है. घटना में इस्तेमाल टांगी को बरामद कर लिया गया है.
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव के रहने वाले अगस्त कुमार अपनी बेटी के कथित प्रेम संबंध को लेकर नाराज थे. उन्होंने उसे मोबाइल फोन पर किसी से बात करते और कुछ फोटो भी देखा था. इससे वे असहज थे.
रविवार देर रात अंजली सोई हुई थी, इसी क्रम में अगस्त कुमार अपनी बेटी के कमरे में पहुंचा और टांगी से हमला कर दिया, जिससे अंजली की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के समय अंजलि के भाई और मां भी घर में मौजूद थे. घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल बना है.
