रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवाप को रांची के ऑड्रे हाउस में डिजिटल एप्लिकेशन ‘आदिनिवास’ लॉन्च किया है.
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देश भर के आदिवासियों को एक सूत्र में जोड़ना, उनकी संस्कृति, भाषा और परंपरा का संरक्षण करना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है.
आदिवासी समाज के युवा और कमर्शियल पायलट नितिन कुजूर ने अपनी टीम के साथ मिलकर यह ऐप तैयार किया है.
नितिन ने कहा है कि इस एप्लीकेशन के निर्माण का उद्देश्य स्पष्ट है कि आदिवासी समुदाय के लोगों को एक ही डिजिटल मंच पर लाना, ताकि समाज की विशेषताओं, प्रतिभाओं और रचनात्मकता को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सके. साथ ही यह ऐप आदिवासी समाज की भूमि, परंपरा, और जीवनशैली को डिजिटल रूप से संरक्षित और प्रचारित करने में मदद करेगा. हम इस पर निरंतर काम करते रहेंगे.
सीएम ने इस ऐप को विकसित करने वाली पूरी युवा टीम को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि यह डिजिटल ऐप देशभर के आदिवासियों को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम है.
उन्होंने कहा, “बदलते हुए वैश्विक दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल तकनीक का महत्व तेजी से बढ़ा है, जिससे लोग पल भर में पूरी दुनिया से जुड़ सकते हैं. ऐसे समय में आदिवासी समाज के युवाओं को भी नई तकनीक और इनोवेशन (Innovation) को अपनाना होगा. अपनी पहचान, समाज, संस्कृति और सभ्यता को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिकता के साथ आगे बढ़ना एक बड़ी चुनौती है, और नितिन का यह प्रयास समाज को एक नई वैज्ञानिक दिशा देने का काम करेगा.”
