रांचीः झारखंड में दो सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी.
सोमवार की शाम प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया.
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने प्रेस को बताया कि प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी उम्मीदवार देगी.
यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई. इसमें आगामी 18 जून को राज्य में होने वाले राज्यसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति को लेकर सभी पहलुओं पर गहन चर्चा हुई.
अमर कुमार बाऊरी ने पार्टी न केवल प्रत्याशी को उतारेगी बल्कि वह प्रत्याशी निश्चित तौर पर विजयी भी होगा.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बिहार झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राज्यसभा सांसद सह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा एवं बालमुकुंद सहाय, विद्युत वरण महतो, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, श्याम नारायण दुबे,आरती सिंह, गणेश तिवारी भी उपस्थित थे.
गौरतलब है कि 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों पर झारखंड में चुनाव है. एक सीट पर जीत के लिए प्रथम वरीयता में 28 विधायकों के वोट की जरूरत होगी. भाजपा के पास 21 विधायक हैं. जबकि एनडीए में 24 विधायक हैं. जाहिर तौर पर बीजेपी नंबर गेम में पीछे है. जबकि सत्तारूढ़ दलों के पास 56 विधायक हैं और इसी आधार पर झामुमो- कांग्रेस जीत का दावा करते रहे हैं.
एक सीट झामुमो के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन के निधन से खाली हुई है. जाहिर तौर पर एक सीट झामुमो की कंफर्म है. वह इसलिए भी कि झामुमो के पास अकेले 34 विधायक हैं. सत्तारूढ़ दल से दूसरी सीट पर किसका उम्मीदवार होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है.
