रांचीः राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चुनौती दी है. बीजेपी सांसद ने कहा कि यदि राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा दूसरी सीट के लिए भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं करता है, तो हेमंत सोरेन कमजोर, लाचार और भभकी देनेवाले मुख्यमंत्री साबित होंगे.
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रांची दौरे पर पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने आए निशिकांत दुबे ने मीडिया के द्वारा राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर सांसद ने कहा बिहार में जेएमएम को चुनाव लड़ने के लिए सहयोगी दलों ने सीट नहीं दी तो तो कहते थे कि राजद से बदला लेंगे, मगर आरजेडी के मंत्री अभी भी बने हुए हैं और वे कुछ नहीं कर पाए. असम में भी वे अकेले चुनाव लड़कर देख ही लिए हैं.
एक बार फिर झामुमो ने कहा कि राज्यसभा की दोनों सीट पर उम्मीदवार खड़ा करेंगे, लेकिन कांग्रेस ने एक उम्मीदवार की घोषणा कर जतला दिया है कि बैसाखी पर खड़े हो. सांसद में कहा कि यदि उन्होंने राज्यसभा चुनाव में दूसरा उम्मीदवार नहीं दिया तो मान कर के चलिए की लाचार, बेबस, कमजोर और भभकी देने वाले मुख्यमंत्री का नाम हेमंत सोरेन है.
बांग्लादेशी के नाम पर
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा है कि अब बांग्लादेशी मुसलमानों के नाम पर चुनाव नहीं जीतने देंगे. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और बिहार में एसआईआर के दौरान जिसका नाम कटा एक भी आदमी नहीं खड़ा हुआ कि हमारा क्यों नाम काटा गया. उन्होंने जेएमएम पर निशाना साधते हुए कहा कि आप बांग्लादेशी और पाकिस्तान के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश अब नहीं चलने वाली.
उन्होंने कहा कि वैसे सभी बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं, जिन्होंने हमारे जल, जंगल और जमीन पर कब्जा जमा लिया है, आदिवासियों का जबरन धर्म परिवर्तन करा रहे हैं, आदिवासी महिलाओं के साथ जबरदस्ती शादी करते हैं, जगह-जगह जमाई टोला बना लिए हैं, अब बाहर हो जाएंगे.
