झारखंड लोक सेवा आयोग रेगुलर-2025 की मुख्य परीक्षा 18 जुलाई से 20 जुलाई तक रांची के केंद्रों पर होगी.
इस बीच आयोग ने 19 अप्रैल को ली गई प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का एक बार फिर संशोधित मॉडल उत्तर जारी किया है. इसमें कुल चार सवालों को ड्रॉप (रद्द) कर दिया गया है. सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र में दो सवाल और सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र में दो सवाल ड्रॉप किए गए हैं.
तीसरी बार संशोधित मॉडल आंसर की जारी
आयोग द्वारा पीटी का मॉडल उत्तर पहली बार 21 अप्रैल को जारी करने के बाद अभ्यर्थियों से 24 अप्रैल तक आपत्ति/सुझाव मांगे गये थे. निर्धारित तिथि तक अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्ति/सुझाव पर आयोग द्वारा विषय विशेषज्ञों के समीक्षा के बाद दूसरी बार व फाइनल मॉडल उत्तर 26 मई को जारी किया गया.
इसके बाद अभ्यर्थियों से फिर आपत्ति/सुझाव के बाद विषय विशेषज्ञों से समीक्षा के बाद आयोग ने 19 जून को तीसरी बार संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया है.
इसमें प्रथम पत्र प्रश्न पत्र मॉडल उत्तर को यथावत रखा गया है, जबकि द्वितीय पत्र में संशोधन कर दिया गया है.
103 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया
मालूम हो कि आयोग द्वारा कुल 103 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है. इनमें उपसमाहर्ता के 28 पद, पुलिस उपाधीक्षक के 42 पद, जिला समादेष्टा (गृह) के दो पद, प्रोबेशन पदाधिकारी (गृह) के चार पद, सहायक निदेशक (महिल बाल विकास) के तीन पद, सहायक निबंधक (कृषि) के दो पद, सहायक नगर आयुक्त के 10 पद, काराधीक्षक के दो पद व सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क अधिकारी के 10 पद शामिल हैं.
