बुंडूः रांची जिले के दशमफॉल थाना क्षेत्र के सारजमडीह गांव स्थित कांची नदी के किनारे रेत में गड़ी 17 साल की लड़की हिस्सी कुमारी की लाश बरामदगी के मामले में पुलिस की जांच जारी है. हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है.
पुलिस ने इस मामले में एक एसआईटी गठित की है. बुंडू के डीएसपी ओमप्रकाश जांच पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने बताया है कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि किशोरी की हत्या छह से सात दिन पहले की गई है.
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए बुधवार को रांची, रिम्स भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

लापता और फिर लाश
हिस्सी कुमारी खूंटी जिले के मारंगहदा थाने के गुटीगाडा गांव की रहने वाली है. वह लगभग 14 वर्षों से अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव में अपने मामा के घर रह रही थी और करीब एक सप्ताह से लापता थी.
घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह नदी किनारे एक कुत्ते को बालू खोदते देखा. संदेह होने पर पास जाकर देखने पर बालू के बीच से शव का हिस्सा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल दशम फॉल थाना पुलिस को सूचना दी.
आसपास के गांवों के ग्रामीण भी नदी के किनारे पहुंच गए. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसी दौरान हिस्सी की की माँ ने शव की पहचान की.
