गढ़वाः झारखंड में गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के चिनियां-बेता मुख्य सड़क स्थित डोली पत्थर जंगल के तालाब में बुधवार सुबह एक हाथी का शव मिलने के बाद जांच शुरू है.
हाथी की मौत की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाथी को देखने के लिए भारी भीड़ जुट गई.
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी की मौत लगभग चार से पांच दिन पहले हुई प्रतीत होती है.हाथी के शव से दुर्गंध निकलने की वजह से लगाया जा रहा है कि घटना कई दिन पुरानी है। हालांकि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और हाथी के शव को तालाब से बाहर निकाला. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा आवश्यक नमूने जांच के लिए भेजा जाएंगे. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
गौरतलब है कि झारखंड में हाथी-मानव संघर्ष में एक तरफ आम लोगों की लगातार मौतें हेती रही हैं, दूसरी तरफ अलग-अलग कारणों से हाथी भी लगातार जान गंवा रहे हैं.
