रांची. झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आर्युविज्ञान संस्थान ( रिम्स) में नामांकन व टेंडर में कथित गड़बड़ियों की शिकायतों की जांच के लिए अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) की दो विशेष जांच टीमें बुधवार की सुबह संस्थान पहुंचीं हैं.
एडीजी सीआइडी के आदेश पर गठित दोनों टीमें रिम्स प्रबंधन के डीन कार्यालय, डेटा सेंटर आदि में फाइलें खंगाल रही हैं.
जानकारी के मुताबिक जांच एजेंसी को रिम्स में पूर्व के सत्र में नामांकन में नियमों की अनदेखी से संबंधित गड़बड़ियों की शिकायतें मिलीं थीं.
इसके अलावा यह भी शिकायत मिली कि रिम्स में टेंडर में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गई है. इन्हीं शिकायतों पर पहुंची टीम ने सबसे पहले डीन कार्यालय का जायजा लिया. वहां पूर्व के नामांकन से जुड़े दस्तावेज को देखा. वहां नामांकन से संबंधित फाइलें, कंप्यूटर के डेटा आदि का जांच टीम सत्यापन कर रही है.
जांच टीम वहां मौजूद पदाधिकारियों व कर्मियों से भी सीआइडी की टीम पूछताछ कर रही है. इनके अलावा विभिन्न कार्यों तथा उपकरणों की खरीद को लेकर टेंडर की प्रक्रिया की छानबीन की जा रही है.
