सिमडेगाः झारखंड के सिमडेगा जिले में केरसई ब्लॉक के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीजेपी) को अनिल खलखो को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आठ हजार रूपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है.
बुधवार को केरसई प्रखंड के बीआरसीसी कार्यालय में उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. बीपीओ के विरुद्ध केरसई थाना क्षेत्र के टेंसोर नवाटोली निवासी परिवादी रंजीत खाखा ने एसीबी रांची में रांची में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत के मुताबिक उनके विद्यालय में मिड-डे मील के तहत अंडा और फलाहार वितरण के लिए कुल 1,42,638 रुपये आवंटित हुए थे. इसमें से 1,09,212 रुपये खर्च हुए और 33,426 रुपये शेष बच गए थे. जब रंजीत खाखा इस शेष राशि का प्रतिवेदन जमा करने बीआरसीसी कार्यालय गए तो बीपीओ अनिल खलखो ने रिपोर्ट जमा करने के एवज में 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी. पैसे नहीं देने पर वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई कराने की धमकी दी गई.
बाद में सौदा 8,000 रुपये में तय हुआ. रंजित रिश्वत नहीं देना चाहते थे इसलिए उन्होंने इसकी सूचना एसीबी को दी. बुधवार को एसीबी ने जाल बिछाया और खलखो को गिरफ्तार किया.
