नई दिल्ली में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर के बीच दोनों देशों के व्यापार समझौते को लेकर वार्ताओं का दौर बुधवार को पूरा हुआ.
द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण से जुड़े मुद्दों को लेकर बीते दो दिनों से बैठकें चल रही थीं.
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर के साथ कई बैठकों में व्यापार समझौते को लेकर जारी वार्ता की प्रगति को लेकर समीक्षा की गई.
साथ ही आर्थिक साझेदारी को और मज़बूत करने के रास्तों पर चर्चा हुई.
गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक मजबूत और बढ़ती हुई आर्थिक साझेदारी है.
ग़ौरतलब है कि आगामी 24 जुलाई को भारत के ऊपर अमेरिका के लगाए गए 10 फ़ीसदी अस्थायी टैरिफ की डेडलाइन समाप्त हो जाएगी.
केंद्रीय मंत्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अमेरिका व्यापार प्रतिनिधि एंबेसडर जेमिसन ग्रीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह कई बैठक हुई हैं. इसमें भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर प्रगति की समीक्षा की गई, साथ ही दोंनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को गहरा करने के रास्ते तलाशे गए.”
उन्होंने आगे कहा कि मैं एंबेसडर ग्रीर के नेतृत्व और हमारी बातचीत को रचनात्मक और प्रगतिशील ढंग से आगे बढ़ाने में दोनों टीमों के लगातार प्रयासों की सराहना करता हूं. इससे पहले मंगलवार को गोयल ने ग्रीर और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की और एक संतुलित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के तरीकों पर चर्चा की.
केंद्रीय मंत्री ने पोस्ट किया, “हमने 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप, एक संतुलित और दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद व्यापार समझौते की बातचीत को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा की.”
भारत और अमेरिका एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे नए आर्थिक अवसर खुल सकते हैं और दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत हो सकते हैं.
