रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. आने वाले समय में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आम नागरिकों को समय पर, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, और इसे सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है.
झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने 262 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए. इनमें 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, संविदा आधारित 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 29 वरिष्ठ अस्पताल प्रबंधक तथा 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं.
नव नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस काम के लिए चुने गए हैं और जिसके लिए हमें सैलरी मिलती है उसको ईमानदारी से पूरा करें. गलती किसी से भी हो सकती है, हमें प्रयास करना चाहिए कि कम से कम गलती हो.
ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता से
नव-नियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आम जनता को बेहतर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें तथा राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र एक ऐसा क्षेत्र है, जहां सदैव विभिन्न प्रकार की चुनौतियां बनी रहती हैं, चाहे वह ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी क्षेत्र.
उन्होंने कहा कि संसाधनों की उपलब्धता, विशेषज्ञ मानवबल, समय पर उपचार और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ रखना जैसी अनेक चुनौतियां निरंतर सामने आती रहती हैं.
ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र में नवाचार, दक्षता और तत्परता अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बदलते समय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीकों का उपयोग, बेहतर प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली विकसित करना अनिवार्य हो गया है.
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा, अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शशि प्रकाश झा, संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं सैकड़ों नव-नियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित थे.
