रामगढ़ः रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के निकट गुरुवार की देर रात एक ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पिकअप पर सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए. घायल को उपचार के लिए पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार सभी ताशा पार्टी के सदस्य थे और मुहर्रम पर्व में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद गांव लौट रहे थे.
ताशा पार्टी में शामिल दो युवक रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर कई किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. आक्रोशित ग्रामीणों के साथ आजसू नेता पीयूष चौधरी, मुखिया रेखा देवी भी धरने पर बैठे दिखे.
सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सगर अस्पताल भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू है.
