रांचीः रांची के डोरंडा स्थित जैप वन परिसर में गुरुवार को बुनियादी प्रशिक्षुओं के लिए लिए पारण परेड समारोह-2026 का आयोजन किया गया.
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में नव प्रशिक्षित चार डीएसपी व 336 जवानों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली. इनमें महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की संख्या 81 व पुरुष सिपाहियों की संख्या 255 थी.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी 340 पुलिस अधिकारियों-जवानों का हौसला बढ़ाया.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल के साथ मजबूती से खड़ी है. बल में महिलाओं की भागीदारी हर्ष का विषय है. सबने 30 हफ्ते का कड़ा व लंबा प्रशिक्षण लिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे अधिक खुशी की बात यह है कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है. वे चाहते हैं कि राज्य के हर क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की भागीदारी समान हो. पुलिस सिर्फ एक व्यक्ति मात्र या खुद के लिए नहीं, बल्कि राज्य के आम नागरिकों की रक्षा के लिए समर्पित है. आज से सभी प्रशिक्षु एक व्यवस्था से बंध चुके हैं.
