चतराः झारखंड के चतरा जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान कुछ हमलावर पानी पीने के बहाने एक घर में घर में घुसकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी. जिस युवक की हत्या की गई वह भी मुस्लिम समुदाय का है.
इस हमले में युवक के चाचा को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एक पुरानी दुश्मनी के चलते कुछ लोगों ने इस अपराध को अंजाम दिया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोड़हाई गांव में शुक्रवार देर रात यह वारदात हुई. वहीं, बीच-बचाव करने आए उसके चाचा को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है.
डीजे बंद कर हमलावर घर में घुसे
शुक्रवार की रात गांव में मोहर्रम का जुलूस निकला था. इस दौरान डीजे बंद कर कुछ हमलावर एक घर में घुसे. उन्होंने पहले परिवार वालों से पीने के लिए पानी मांगे. फिर युवक शाहजहां को खोजना शुरू किया. युवक के सामने आते ही हमलावरों ने टांगी और भुजाली से उसकी जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में उसकी जांघ की मांसपेशियां बुरी तरह कट गईं और खून बहने लगा.
भतीजे को लहूलुहान देख जब चाचा शबीर मियां उसे बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उनके सीने के दोनों तरफ चाकू से वार कर दिया.
शबीर के सीने में कुल 13 टांके (एक तरफ 9, दूसरी तरफ 4) लगे हैं और उनका हजारीबाग में इलाज जारी है. वहीं, गंभीर रूप से घायल शाहजहां ने बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
रंजिश का खौफनाक बदला
स्थानीय पुलिस और परिजनों के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है.
मृतक के परिजनों ने बताया कि हाल ही में शाहजहां और हमलावरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था.
इस विवाद को गांव की पंचायत के माध्यम से आपसी सहमति से सुलझाने की तैयारी चल रही थी. पुलिस ने मृतक शहबाज के परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली है.
घटना की जांच शुरू के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है.
