रांचीः जमशेदपुर में डबल डाउन बार के बाहर हिंसक झड़प और पीसीआऱ वैन से खींच कर हुई हिमांशु सिंह की हत्या के खिलाफ तीन जुलाई को जमशेदपुर बंद बुलाया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था धवस्त है.
बंद से पहले दो जुलाई की शाम बीजेपी जमशेदपुर महानगर में मशाल जुलूस निकालेगी. आदित्य साहू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन ने प्रदेश की विधि व्यवस्था को लेकर तत्काल ठोस कारगर कदम नहीं उठाया तो पार्टी झारखंड बंद कराएगी.
हिमांशु हत्याकांड पर क्या कहा
उन्होंने कहा कि हिमांशु हत्याकांड अपराधियों द्वारा खुलेआम नंगा नाच करने का बड़ा उदाहरण है. इस घटना से पूरा राज्य हतप्रभ है. अपराधी एक युवा पर जानलेवा हमला करते हैं, वे उसे दौड़ा दौड़ा कर बेरहमी से पीटते हैं, वह युवा भागकर जान बचाने के लिए पुलिस की वाहन में घुसता है. और अपराधी पुलिस के सामने पुलिस वाहन से खींचकर उसकी हत्या कर देते हैं. दुखद बात यह है कि पूरे घटनाक्रम में पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
साहू ने इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनपर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है. प्रदेश अध्यक्ष ने साथ ही सरकार से राज्य में बिगड़ती कानून – व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने और अपराध नियंत्रण की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करने की भी मांग की है.
