विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने अयोध्या के डीएसपी आशुतोष तिवारी को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर एक पत्र लिखा है.
इस पत्र पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के बाद कांग्रेस की भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.
डीएसपी आशुतोष तिवारी इस मामले में अनुसंधान अधिकारी हैं.
आलोक कुमार ने इस पत्र में अरविंद केजरीवाल, राम गोपाल यादव, संजय सिंह और प्रियंका गांधी वाड्रा के उन बयानों का ज़िक्र किया है, जिनमें इन नेताओं ने चढ़ावा चोरी की राशि के अलग-अलग दावे किए हैं.
उन्होंने डीएसपी आशुतोष तिवारी से अनुरोध किया कि वह इन नेताओं के बयान दर्ज करें और उनसे उनके आरोपों का तथ्यात्मक आधार, सूचना स्रोत और उनसे जुड़े दस्तावेज़ उपलब्ध कराने को कहें.
आलोक कुमार के पत्र पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया आई है.
उन्होंने कहा, “अगर उनकी नियत साफ होती तो वे कहते कि विश्व हिंदू परिषद के अंदर इतने सारे लोग हैं जो इसके बारे में (चढ़ावा चोरी) बताना चाहते हैं.”
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वीएचपी के लोगों को यह कहना चाहिए कि चंदा चोरी के बारे में उनके पास जानकारी है क्योंकि उनकी ही संस्था से चंपत राय निकले हैं. उनकी ही संस्था से निकले लोग राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल थे.
उन्होंने कहा, “उन्होंने एक भी गवाह बीजेपी, आरएसएस और वीएचपी से पेश नहीं किया. गवाह भी अगर होगा तो विपक्षी दलों का होगा. इसका मतलब है कि आलोक जी ने सरेंडर कर दिया है. वो ख़ुद मान गए हैं कि उनकी संस्था के लोग चंदा चोरी के मामले में कहीं भी गवाह नहीं बनेंगे.”
पत्र में भी बेईमानी
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के एक पत्र को लेकर जवाब दिया है.
वीएचपी अध्यक्ष ने राम मंदिर चंदा विवाद पर इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को पत्र लिखकर विपक्ष के कुछ नेताओं के बयान दर्ज करने की मांग की थी. पत्र में संजय सिंह का भी नाम शामिल है.
इस पर संजय सिंह ने कहा, “जो पत्र उन्होंने लिखा है, उसमें भी उन्होंने बेईमानी कर ली है. उन्होंने सबके नाम चुरा लिए, छिपा दिए हैं. नृपेंद्र मिश्रा जी ने कहा था कि चोरी नहीं, डकैती हुई है. उनका नाम तो उन्होंने नहीं लिखा है. उनसे भी पूछताछ होनी चाहिए, क्या सबूत हैं उनके पास? वो तो ट्रस्ट के आदमी हैं.”
‘चोरी कोई और करे और सबूत कोई और दे’
इसी मामले में कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रतिक्रिया दी है.
कांग्रेस ने एक्स पर पार्टी नेता पवन खेड़ा का एक बयान पोस्ट किया.
बयान में कहा गया है, “अयोध्या राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी के मामले में हर दिन नए आरोप लग रहे हैं, नए सबूत सामने आ रहे हैं.”
“आज विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार ने जांच अधिकारी को पत्र लिखकर प्रियंका गांधी जी, अखिलेश यादव जी, राम गोपाल यादव जी से चोरी के सबूत मांगने की बात की है. मतलब चोरी कोई और करे और सबूत कोई और दे?”
“सच्चाई यही है कि चोरों को पकड़ना इनकी नीयत में ही नहीं है. इनकी नीयत हमेशा की तरह हिंदू समाज को भावनात्मक रूप से बरगला कर खुद की दुकानें चलाना है.”
गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने अब तक आठ अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की है. इन सभी के ख़िलाफ़ ट्रस्ट की ओर से एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.
