गिरिडीहः गिरिडीह पुलिस ने ताराटांड़ थाना क्षेत्र से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी जंगल में बैठकर फर्जी एपीके (APK) फाइल के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप और मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं.
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि ताराटांड़ थाना क्षेत्र के मिडिल स्कूल के पीछे स्थित जंगल में कुछ लोग सुनियोजित तरीके से साइबर अपराध की तैयारी कर रहे हैं. साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान आरोपियों को किसी भी तरह भागने का मौका नहीं मिला.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनार्दन मंडल, अशोक कुमार, बबलू कुमार मंडल और बिष्णु कुमार के रूप में हुई है.
सभी आरोपी ताराटांड़ थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अशोक कुमार और बबलू कुमार मंडल का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है. दोनों पूर्व में भी साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं
APK भेजकर बनाते थे शिकार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कस्टमर सपोर्ट और एयरटेल वाई-फाई सेवा के नाम पर लोगों को फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजते थे. लोगों को तकनीकी सहायता या सेवा अपडेट का झांसा देकर वे इन फाइलों को डाउनलोड करवाते थे.
एक बार फर्जी ऐप मोबाइल में इंस्टॉल हो जाने के बाद आरोपी लोगों की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने और साइबर ठगी को अंजाम देने की कोशिश करते थे. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके तार किन-किन राज्यों तक जुड़े हुए हैं.
