हजारीबागः केरेडारी क्षेत्र में चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र के निकट पुलिस की बाइक सवार अपराधियों से मुठभेड़ में एक अपराधी अफजल के पैर में गोली लगी है.
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. घायल अपराधी का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है.
गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी दबोच लिया गया. बताया जा रहा है कि दोनों राहुल दुबे गैंग से जुड़े हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार केरेडारी स्थित चंद्रगुप्त परियोजना क्षेत्र पहुंचे और जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. जिला पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस देर रात तक घटनास्थल पर जांच में जुटी रही. आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया.
एसपी ने क्या बताया
हजारीबाग में पुलिस के साथ मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग का सदस्य मोहम्मद रागिब अफजल शिक्षक भी है. वह हजारीबाग इंटर कॉलेज, बड़कागांव में पढ़ाता है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह पहले भी पॉक्सो केस में जेल जा चुका है.
अमन कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी केरेडारी थानाक्षेत्र के पगार ओपी क्षेत्र में संचालित चंद्रगुप्त कॉल खनन परियोजना के परिवहन मार्ग के आसपास खड़े ट्रकों और बूकरू पचडा रोड बैरियर के आसपास एक अपाचे मोटरसाइकिल से 2 अपराधी कुछ पर्चा छोड़कर बूकरू जंगल की ओर जा रहे हैं. एसपी ने तुरंत एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने तत्काल अपराधियों की खोजबीन के लिए छापेमारी शुरू कर दी.
बुकरू जंगल के पास मुठभेड़
एसपी ने बताया कि टीम को सुबह 3:15 बजे बुकरू गांव के जंगल के पास एक अपाचे से 2 लोग सवार होकर आते हुए दिखे. पुलिस वाहन को देखकर अपाचे चालक गाड़ी को जंगल की दिशा में मोड़कर भागने लगा. सशस्त्र बल के द्वारा घेराबंदी कर उनका पीछा किया गया. इसी क्रम में मोटरसाइकिल चालक असंतुलित होकर गिर गया. दोनों अपराधी बाइक वहीं छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे. बताया जाता है कि भागने के क्रम में अपराधियों ने पीछा कर रहे पुलिस के जवानों पर फायरिंग की. पुलिस के जवानों ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो एक अपराधी के पैर में जा लगी. गोली लगने से अपराधी के हाथ से हथियार छूट गया और पुलिस ने उसके दूसरे साथी को भी धर-दबोचा.
