हजारीबागः केरेडारी क्षेत्र में चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र के निकट पुलिस की बाइक सवार अपराधियों से मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है.
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. घायल अपराधी का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है.
गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी दबोच लिया गया. बताया जा रहा है कि दोनों राहुल दुबे गैंग से जुड़े हैं.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बार-बार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं. पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक इतिहास और राहुल दुबे गिरोह में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार केरेडारी स्थित चंद्रगुप्त परियोजना क्षेत्र पहुंचे और जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. जिला पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस देर रात तक घटनास्थल पर जांच में जुटी रही. आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया.
