जमशेदपुरः जमशेदपुर के डिमना लेक में महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई है.
जिन दो लोगों की मौत हुई है उनमें डॉ सक्षम और डॉ समीर है. डॉ. सक्षम पलामू (मेदिनीनगर) के और डॉ. समीर जमशेदपुर के काशीडीह क्षेत्र के निवासी हैं.
घटना के समय उनके साथ मौजूद तीसरे डॉक्टर, यश, किसी तरह सुरक्षित बच गये. उन्होंने इस पूरी घटना की जानकारी एमजीएम अस्पताल प्रबंधन को दी.
सूचना मिलते ही अस्पताल के अन्य डॉक्टर, अधिकारी और पुलिस प्रशासन तुरंत डिमना लेक पहुंचे. गोताखोरों की मदद से पानी में डूबे डॉक्टरों के शवों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया.
मोबाइल बचाने में
घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है. एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर रात के समय डिमना लेक घूमने गये थे और लेक के किनारे बैठे हुए थे. इसी दौरान उनमें से एक डॉक्टर का मोबाइल फोन अचानक पानी में गिर गया. गिरे हुए मोबाइल को निकालने के लिए डॉक्टर पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे डूबने लगे. उन्हें बचाने के लिए बाकी दोनों साथी भी पानी में कूद पड़े.
बताया गया कि डॉ यश तैरना जानते थे और किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन डॉ समीर और डॉ सक्षम गहरे पानी में फंस गए.
रात में ही शुरू हुई तलाशी
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. बारिश के कारण डिमना लेक का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रात में राहत एवं बचाव अभियान में कठिनाई आई
अब सुबह से गोताखोरों और एनडीआरएफ की सहायता से तलाश अभियान चलाया जा रहा है. घटनास्थल से दोनों मृतक डॉक्टरों की चप्पलें और अन्य सामान भी मिले हैं।.
प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
