रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में सफल रहे शॉर्टलिस्टेड 679 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्रों की जांच (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए तिथि जारी कर दिया है.
यह सत्यापन प्रक्रिया 3 और 4 अगस्त को आयोजित की जाएगी, जिसमें तीन अगस्त को द्वितीय पाली में 200 अभ्यर्थियों और चार अगस्त को दोनों पालियों में 479 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी.
वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित समय से एक घंटा पहले आयोग कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया है. अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में की गई प्रविष्टियों से संबंधित मूल प्रमाण पत्र, उनकी एक स्व-हस्ताक्षरित फोटो कॉपी और दो हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है. जो अभ्यर्थी जरूरी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करेंगे या अनुपस्थित रहेंगे, उनकी अभ्यर्थिता रद्द करने पर आयोग फैसला ले सकता है. य
दि कोई अभ्यर्थी किसी कारणवश 3 या 4 अगस्त को उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसे 10 अगस्त को पूर्वाहन 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक जांच कराने का अंतिम मौका दिया जाएगा. इसके बाद कोई अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा और अभ्यर्थी का दावा स्वतः समाप्त हो जाएगा.
आयोग ने यह भी साफ किया है कि इस प्रक्रिया में शामिल होना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है और 10 जुलाई 2023 की अंतिम तिथि तक सौंपे गए प्रमाण पत्र ही मान्य समझे जाएंगे.
