झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता मामले में सीआईडी ने गुरुवार को एक और आरोपी रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है.
रितेश कुमार सिंह सीजीएल परीक्षा से जुड़ी एजेंसी आईसीएएन टेक्नोलॉजी के संचालक मिथिलेश सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है. मिथिलेश सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश सीआईडी को है.
जांच एजेंसी ने रितेश को पूछताछ के लिए रांची बुलाया था. पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. रितेश बिहार के भोजपुर का रहने वाला है और लंबे समय से बोकारो के दुग्धा में रह रहा था.
जांच एजेंसी को पता चला है कि रितेश ने 30 से अधिक अभ्यर्थियों को बोकारो के दुग्धा ले जाकर परीक्षा के प्रश्न और उत्तर रटवाए थे.
आरोप है कि इनमें कई अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हुए. सीआईडी के अनुसार इन अभ्यर्थियों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की रकम वसूली गई, जिसे रितेश के माध्यम से मिथिलेश सिंह तक पहुंचाया गया.
