रांचीः एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने खूंटी की महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है.
सुलेखा कुमारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की भी इंचार्ज हैं.
जानकारी के मुताबिक हुरलूंग गांव निवासी श्याम कुमार के खिलाफ साल 2025 में एक प्राथमिकी (कांड संख्या – 06/25) दर्ज की गई थी.
श्याम कुमार ने एएचटीयू प्रभारी एसआई सपना सुलेखा से मिलकर बताया था कि वह इस मामले में निर्दोष है. इस पर सपना सुलेखा ने श्याम को बताया कि 4.50 लाख 50 हजार रुपये देने पर केस से नाम हटाएंगे तथा जांच में राहत दी जाएगी.
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी रांची से इसकी शिकायत की. शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई.
श्याम कुमार ने तय समय पर बतौर रिश्वत पहली किस्त 50 हजार रुपये थाना प्रभारी को दी, जिसके बाद एसीबी रांची की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए एसीबी मुख्यालय, रांची ले जाया गया.
उल्लेखनीय है कि खूंटी महिला थाना में रिश्वतखोरी का यह दूसरा चर्चित मामला है.
इससे पहले वर्ष 2021 में तत्कालीन महिला थाना प्रभारी मीरा कुमारी को भी एसीबी ने कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था.
