रांचीः बोकारो से लापता तीन व्यक्तियों की तलाश के लिए झारखंड में अपराध अनुसंधान विभाग ने ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किय़ा है.
सीआइडी के एडीजी मनोज कौशिक के माध्यम से सभी राज्यों के वरीय पुलिस अधिकारियों को ह्यू एंड क्राई नोटिस के जरिए सूचना दी गई है.
इस सूचना के बाद से ही लापता तीनों व्यक्तियों की तलाश पूरे देश में शुरू हो चुकी है.
ह्यू एंड क्राई नोटिस का मतलब होता है कि शोर मचाकर लोगों से सहायता मांगना. यह अमूमन लापता, फरार आरोपित, चोर, संदिग्ध आरोपितों की खोज के लिए जारी होता है. इसमें वैसे व्यक्ति की फोटो, उसका विवरण व इनाम आदि की घोषणा शामिल होती है.
सीआइडी जिनकी तलाश कर रही है, उनमें बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के बुद्धन गोप की पत्नी 65 वर्षीया मुन्नी देवी, बोकारो के ही बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी जितेंद्र कुमार सोनी की पत्नी 46 वर्षीय कंचन देवी व बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी गिरिश पासवान हैं.
यह दूसरी बार है, जब सीआईडी ने यह नोटिस जारी किया है. इससे पहले, रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता दो मासूम बच्चे अंश व अंशिका के मामले में भी सीआईडी ने सभी राज्यों के डीजीपी से सहयोग मांगा था और ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया था.
