रांचीः झारखंड लोक सेवा और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के आंदोलन के साथ मुख्य विपक्ष बीजेपी ने बी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. सोमवार को प्रदेश बीजेपी के सभी प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास के सामने घेराव प्रदर्शन किया. साथ ही सीएम के इस्तीफे की मांग की.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में शामिल इस प्रदर्शन में बीजेपी के की विधायक भी मौजूद रहे. इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा छात्र हित में सभी भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की सीबीआई से जांच कराने और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की गई.
भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री आवास के बाहर ही पुलिस ने रोक दिया. विरोध में भाजपा नेता बीच सड़क पर बैठ गए. पुलिस ने सभी प्रमुख नेताओं को हिरासत में लेकर खेलगांव ले गई. इस दौरान नेताओं ने नारेबाजी की.
17 दिनों से छात्रों का आंदोलन, सरकार जांच से कतरा रही
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि 17 दिनों से राज्य के बच्चे जयपाल सिंह स्टेडियम में धरना और आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं, लेकिन सरकार वार्ता के नाम पर मुख्य मांगों को मानने से कतरा रही है. जेपीएससी की परीक्षाओं की सीबीआइ जांच सरकार अविलंब कराये.
उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस दिल्ली में धरना प्रदर्शन करती है, प्रधानमंत्री आवास का घेराव करती है. वहीं दूसरी ओर झारखंड में अपनी सरकार के इस दमन पर कांग्रेस का मुंह पूरी तरह बंद है.
उन्होंने कहा JPSC, JSSC, CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती तक—हर परीक्षा सवालों के घेरे में है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के छात्र पिछले 15 दिनों से अधिक समय से सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वार्ता के नाम पर सरकार उन्हें टहला रही है. छात्रों की लगातार तबीयत खराब हो रही है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है.
मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC की नौकरियों को झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने खुलेआम बेचने का काम किया है. यह झारखंड के उन लाखों गरीब, दलित, आदिवासी, ग्रामीण और मेहनतकश युवाओं के साथ अन्याय किया है, जो वर्षों तक कड़ी मेहनत कर नौकरी पाने का सपना देखते हैं. झारखंड के छात्रों के साथ हुए इस अन्याय के खिलाफ भाजपा सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी और उन्हें न्याय दिलाकर ही रहेगी.
भाजपा नेता थे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह, मनोज यादव, राज सिन्हा, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, शशिभूषण मेहता, नागेंद्र महतो, रौशनलाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, कुमार उज्जवल, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, शत्रुघन महतो, मंजू कुमारी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमित सिंह, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता अमित मंडल, दीनदयाल बर्णवाल, अजय शाह, अशोक बड़ाइक, रमाकांत महतो, केके गुप्ता, शोभा यादव, मृत्युजंय शर्मा समेत महानगर बीजेपी के कई नेता मौजूद रहे.
