राष्ट्रीय जनता दल ने पेपरलीक, बेरोज़गारी, शिक्षा व्यवस्था और सिवान फ़ायरिंग के मुद्दे पर 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च का आह्वान किया है.
लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने अपील करते हुए कहा कि सब युवा, आम लोग एकजुट होकर 19 अगस्त को अपनी ताक़त का प्रदर्शन करें.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “बिहार में कोई भी परीक्षा बिना पेपरलीक क्यों नहीं होती? क्या नौकरी में निष्पक्ष और पारदर्शी चयन होता है? बिहार शिक्षा क्षेत्र में लगातार फ़िसड्डी क्यों है? क्या भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव और पक्षपात नहीं होता? देश के सबसे युवा प्रदेश के नौजवान सबसे अधिक बेरोज़गार क्यों? लोकतांत्रिक तरीक़े से हक़-अधिकार माँगने वाले छात्रों पर एके-47 से गोलियां किसने चलवाई?”
तेजस्वी ने लिखा, “इन सब सवालों का जवाब लेने के लिए आइए हम सब युवा एकजुट होकर 19 अगस्त को अपनी ताक़त का प्रदर्शन करें तथा लूट तंत्र से बनी अहंकारी सरकार की जवाबदेही तय करे.”
बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव ने भी लोगों से 19 अगस्त को पटना में जुटने की अपील की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “समस्त छात्र-युवा शक्ति पेपरलीक, बदहाल शिक्षा प्रणाली, पक्षपातपूर्ण बहाली प्रक्रिया और बेरोज़गारी से त्रस्त है. लूट तंत्र से बनी दंभी सरकार उनकी लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय एके-47 से गोलियां बरसाती है, यह अन्यायपूर्ण है. इस तानाशाही के विरुद्ध सभी 19 अगस्त को पटना में एकजुट हो.”
गौरतलब है कि सोमवार को ही बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माना कि हालिया स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान सिवान में एक पुलिसकर्मी ने भीड़ से घिरने के बाद अपनी एके-47 से हवा में चार राउंड फ़ायरिंग की थी.
हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया कि इस फ़ायरिंग में किसी प्रदर्शनकारी को चोट नहीं लगी.
