कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी और इनके पुरखों ने कभी आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी.
गोवा में सोमवार को कांग्रेस के एक सम्मेलन के दौरान खरगे ने कहा, “जब मैं पहली बार विधायक बना था, तब अमित शाह बच्चे थे और आज हमें ही देशभक्ति सिखा रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “बीजेपी और इनके पुरखों ने कभी आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी, इसलिए ये लोग कांग्रेस के लोगों को देशभक्ति न सिखाएं. एंटी इंडिया और एंटी रिलिजन तो बीजेपी है, क्योंकि जब मैंने उत्तराखंड में भाषण दिया तो बीजेपी के लोगों ने भाषण मंच का शुद्धिकरण कर दिया.”
“आरएसएस के लोग अंग्रेज़ों के ग़ुलाम रहे. न आज़ादी की लड़ाई लड़ी, न लोगों का हित किया. इतिहास गवाह है कि आरएसएस के लोगों ने अंग्रेज़ों को चिट्ठियां लिखीं कि हम आपके साथ हैं, लेकिन महात्मा गांधी जी ने कहा- करो या मरो.”
खरगे ने कहा, “गोवा में कांग्रेस की सरकार आई तो नशा बंद होगा. जल-जंगल-ज़मीन को बचाएंगे और युवाओं को नौकरी मिलेगी. ये मेरा और मेरी पार्टी का वादा है, इसलिए आप सभी कांग्रेस पार्टी के साथ आइए और सरकार बनाइए.”
