धनबाद. धनबाद में रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतगर्त के बट्टू बाबू बंगला के समीप रविवार को कोयला चुनने के दौरान अचानक भू-धंसान होने से दो लोगों की मौत हो गई है. मलबे में दबने से कई लोग घायल हुए हैं.
इस घटना के बाद अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. मरने वालों में दोनों महिलाएं हैं. हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत महिलाओं के शव आनन-फानन में उनके परिवार के लोग ले गए हैं.
मृतकों में एक राजबाड़ी केवट टोला और दूसरी महिला की पहचान झींझीपहाड़ी क्षेत्र की निवासी के तौर पर की गई है.
हादसे में घायल बेलनजाबाद निवासी सीमा देवी ने बताया कि वे लोग कोयला चुन रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिर पड़ा और कई लोग उसकी चपेट में आ गये.
बट्टू बाबू बंगला के आसपास पहले भी भू-धंसान की कई घटनाएं हुई हैं. ऐसे क्षेत्रों में जमीन के नीचे पुराने खनन क्षेत्र होने के कारण सतह की स्थिरता प्रभावित होने का खतरा रहता है. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठते रहे हैं.
