धनबाद. धनबाद में बंद रामकनाली परियोजना में बट्टू बाबू बंगला के समीप रविवार को अवैध कोयला खनन के दौरान अचानक भू-धंसान होने से तीन लोगों की मौत हो गई है. मलबे में दबने से कई लोग घायल हुए हैं.
इस घटना के बाद अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. मरने वालों में राजवाड़ी केवट टोला निवासी मुंगिया देवी, कुम्हार टोली निवासी आदरा देवी और बेलंजाबाद निवासी धनंजय कुमार शामिल है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत महिलाओं के शव आनन-फानन में उनके परिवार के लोग ले गए हैं.
.
हादसे में घायल बेलनजाबाद निवासी सीमा देवी ने बताया कि वे लोग कोयला चुन रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी और कोयला-पत्थर भरभराकर गिर पड़ा और कई लोग उसकी चपेट में आ गये.
बट्टू बाबू बंगला के आसपास पहले भी भू-धंसान की कई घटनाएं हुई हैं. ऐसे क्षेत्रों में जमीन के नीचे पुराने खनन क्षेत्र होने के कारण सतह की स्थिरता प्रभावित होने का खतरा रहता है. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठते रहे हैं.
