धनबादः झारखंड का कुख्यात गैगस्टर और विदेशों में रहकर खौफ का पर्याय बने प्रिंस के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की फिराक में था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से धर दबोचा.
धनबाद पुलिस ने बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किया है.
इससे पहले धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कथित गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. वह भी विदेश भागने की कोशिश में था.
जमानत पर छूटने के बाद
खबरों के मुताबिक वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को निशाना बनाकर उसके चालक बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने भाई बंटी खान को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ अपराध के कई मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता से धनबाद लाया गया है.
दुबई भाग रहा था
फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बंटी जाली पासपोर्ट के जरिए दुबई भागने की कोशिश में था. इसकी जानकारी मिलने के बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई.
धनबाद लाए जाने के बाद पुलिस पूछताछ में बंटी ने अपने भाई प्रिंस खान के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए. उसने पुलिस से प्रिंस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की.
बंटी ने यह भी दावा किया कि प्रिंस खान के कारण उनका पूरा परिवार तबाह हो गया है. बताया जा रहा है कि दुबई भागने की कोशिश नाकाम होने और धनबाद में कथित तौर पर स्थानीय लोगों व प्रतिद्वंद्वी फहीम खान के समर्थकों द्वारा पिटाई किये जाने से वह नाराज था.
