धनबादः झारखंड का कुख्यात गैगस्टर और विदेशों में रहकर खौफ का पर्याय बने प्रिंस के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की फिराक में था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से धर दबोचा.
धनबाद पुलिस ने बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किया है.
इससे पहले धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कथित गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. वह भी विदेश भागने की कोशिश में था.
जमानत पर छूटने के बाद
खबरों के मुताबिक वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को निशाना बनाकर उसके चालक बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने भाई बंटी खान को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ अपराध के कई मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता से धनबाद लाया गया है.
शक है दुबई भाग रहा था
बंटी को बैंक मोड़ थाना में रखकर उससे पूछताछ की जा रही है. धनबाद के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी बैंक मोड़ थाना में बंटी से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस को शक है कि बंटी अपने भाई गोपी खान के पास दुबई भागने की तैयारी में था. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
बंटी खान और गोडविन पूर्व में धनबाद जेल में बंद थे. बबली पर गोली चलने की घटना से तीन दिन पूर्व ही बंटी जमानत पर जेल से बाहर आया था.
गोलीकांड के बाद इंटरनेट मीडिया पर आए प्रिंस खान के कथित आडियो वीडियो के आधार पर पुलिस को बंटी की भूमिका पर संदेह गहरा गया था. पुलिस उसे इस कांड में आरोपी भी बनाया और तभी से उसकी तलाश चल रही थी.
