रांचीः रांची पुलिस ने एक बुजुर्ग यात्री मो अनजार अहमद से हुई लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने ऑटो चालक समेत दो लोगों को को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में वर्दवान कंपाउंड निवासी मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह और गांधीनगर के चिकू यादव शामिल हैं.
इन आरोपियों के पास से बुजुर्ग यात्री से लूटा हुआ छह हजार नगदी, लैपटॉप, फोन और ऑटो बरामद किया गया है.
मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि दस सितंबर की रात करीब नौ बजे बुजुर्ग मो अनजार गयाजी से बस से रांची लौटे और बूटी मोड़ के पास उतरे. उन्होंने अरगोड़ा जाने के लिए बूटी मोड़ से एक ऑटो लिया.ऑटो पर चालक का साथी पहले से यात्री के तौर पर सवाल था.
ऑटो चालक जब उन्हें लेकर हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंचा तो मुख्य मार्ग को छोड़कर एक सुनसान जगह पर ले गया.
इस दौरान अपने एक साथी के सहयोग से चाकू के बल पर बुजुर्ग मो अनजार से 22 हजार नगदी, कुछ दस्तावेज और मोबाइल लूट लिया था。
सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले का उद्भेदन करने में ऑटो चालकों का काफी सहयोग रहा है. गिरफ्तार आरोपी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया करता है. लालपुर इलाके में भी आरोपियों ने एक यात्री के साथ लूटपाट की थी. हालांकि, इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी. इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ बरियातू, सुखदेवनगर, गोंदा और कांके थाना में लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं.
रात को युवक को उठाने वाले चार गिरफ्तार
एक अन्य मामले मेंं 14 सिंतबर की आधी रात हर्ष कुमार नामक युवक को कडरू जाने वाले रास्ते से उठा लेने वाले चार बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक हर्ष अपने दोस्तों के साथ i-20 कार से लालपुर से जन्मदिन के पार्टी में शामिल होकर वापस अपने घर कडरु जा रहे थे, जिस क्रम में कार्तिक उराव चौक के पास गाड़ी खराब हो जाने के कारण रुके थे, उसी क्रम में एक महिन्द्रा XUV 500 वहाँ रुकी और उसमें से 03-04 व्यक्ति वादी को जबरन पकड कर अपने वाहन में बैठा लिये.
घटना की सूचना प्राप्त होते हो पुलिस के द्वारा विभिन्न टीम गठित करते हुए कई स्थानों पर छापामरी की गई. नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित सुनसान जंगल से युवक को सुरक्षित बरामद करते हुए घटना में शामिल 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है तथा घटना में प्रयुक्त महिन्द्रा XUV 500 वाहन, 05 स्मार्ट फोन, वादी का हस्ताक्षरित एक स्टाम्प पेड बरामद किया गया है.
