चतराः एंटी करप्शन ब्यूरो की हजारीबाग टीम ने मंगलवार को चतरा सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र स्थित नया खाप निवासी तुलसी यादव ने अपनी जमीन के म्यूटेशन के लिए सदर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था.
आरोप है कि हल्का-7 (दारियातू और लेम पंचायत क्षेत्र) का प्रभार संभाल रहे राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद ने काम के एवज में 30 हजार रुपये घूस की मांग की. तुलसी यादव ने एसीबी में इसकी शिकायत की.
जांच एजेंसी ने शिकायत का सत्यापन किया.
मंगलवार को जैसे ही तुलसी यादव ने कर्मचारी सतीश प्रसाद के हाथ में 15 हजार रुपये थमाए, एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी के दफ्तर और उसकी अलमारी में रखे संबंधित जमीन के म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज और अभिलेखों की गहनता से जांच की। कई जरूरी फाइलों को कब्जे में लेने के बाद टीम आरोपी को अपनी गाड़ी में बैठाकर हजारीबाग स्थित मुख्यालय ले गई.
