रांचीः झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद उनके जिम्मे रहे तीन विभागों का काम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास रहेगा.
इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने 18 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है.
हेमंत सोरेन की सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार को नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ साथ पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी.
इसी महीने छह सितंबर को उनका निधन हो गया है. उनके निधन के बाद ये तीनों विभाग रिक्त हो गए थे.
सुदिव्य कुमार गिरिडीह से जेएमएम के विधायक थे.
गौरतलब है कि इससे पहले जेएमएम के विधायक और सरकार में शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के निधन के बाद शिक्षा विभाग का काम हेमंत सोरेन ही संभाल रहे हैं.
हेमंत कैबिनेट में अभी मंत्रियों के तीन पद खाली हैं. सबकी नजरें इस ओर टिकी है कि गिरिडीह में जब उपचुनाव होंगे, तो सुदिव्य की जगह पार्टी किसे चुनाव लड़ेगी और हेमंत सोरेन सरकार में जेएमएम से किसे मंत्री के तौर पर शामिल किया जाएगा.
