पलामूः झारखंड के पलामू में नदी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है. एक युवक की तलाश जारी है. इन घटनाओं को लेकर गांव में मातम पसरा है. साथ ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है.
बुधवार की सुबह किशोर-किशोरी करम डाली का विसर्जन करने नदी गए थे. इस दौरान नदी में डूबने से पांच की मौत हुई. फिर पल भर में करम पर्व की खुशियां मातम में बदल गई,
एक घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव की है. पतरिया खुर्द गांव के एक 21 साल के युवक समेत पांच किशोर करम डाली का विसर्जन करने कोयल नदी के तट पर गए थे.
विसर्जन के दौरान अचानक एक किशोर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दूसरे लड़के भी नदी में उतर गये. नदी में तेज बहाव होने के कारण वे संभल नहीं सके और देखते ही देखते एक के बाद एक पानी में डूबते चले गये.
चारों मृतकों की पहचान पतरिया खुर्द निवासी 15 वर्षीय विशाल पासवान, 18 वर्षीय नीतीश सिंह, 21 वर्षीय अमित कुमार ठाकुर और 10 वर्षीय आदर्श सिंह के रूप में हुई है. वहीं, हेमंत सिंह की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
इधर घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है. घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग बोकेया गांव में कोयल नदी तट पर पहुंच गए हैं.
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं और पांचवें युवक हेमंत सिंह की तलाश जारी है. चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच भेजा गया है. हेमंत सिंह की तलाश में स्थानीय गोताखोरों व तैराकों को लगाया गया है.
घटना की सूचना मिलने पर डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया गांव पहुंचे हैं. उन्होंने ग्रामीणों घटना की जानकारी ली. पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
दूसरी घटना पाटन में
दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह की है. नानी झरिया निवासी दिलीप पासवान की नाबालिग बेटी रिंकी कुमारी (15 साल) अपनी सहेलियों के साथ बुधवार सुबह करीब छह बजे करम डाली का विसर्जन करने गांव के निकट स्थित जिंजोई नदी गई थी. इस दौरान वह गहरे पानी में चली गयी. ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में उसे मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
