रांचीः भाजपा के झारखंड प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है. 2029 में झारखंड फतह करने से कोई रोक नहीं सकता है. झारखंड बीजेपी का नया प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार रांची दौरे पर आए प्रभारी ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक में जोश भरते हुए कहा जब हमने दृढ़ संकल्प के साथ पश्चिम बंगाल में जीत का झंडा गाड़ा, दिल्ली फतह किया है, तो झारखंड क्यों नहीं जीत सकते. झारखंड में तो हम पहले कई बार सरकार बना चुके हैं.
उन्होंने कहा कि 2029 में हर हाल में झारखंड फतह करना है, इसी संकल्प के साथ हमें काम करना है. उन्होंने कहा कि हम अपनी पार्टी की खूबियां और कमियों की इमानदारी से समीक्षा करेंगे. हम केवल राजधानी मुख्यालय में नहीं बल्कि जिला, विधानसभा से लेकर जरूरत पड़ी तो मंडल स्तर सकारात्मक दृष्टि के साथ काम करेंग.।
बेहिचक अपने सुझाव सुझाव साझा करें
उन्होंने कहा कि आप लोगों के पास कोई सुझाव हो तो आप बेहिचक हमसे या सह-प्रभारी से साझा कर सकते हैं. सब कुछ झारखंड के कार्यकर्ताओं को ही करना है, हम सभी केवल रास्ता बनाएंगे. अगर भाजपा के कार्यकर्ता किसी चीज को पाने का ठान ले तो कुछ भी असंभव नहीं है। इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और नई दिल्ली में सरकार बना कर कार्यकर्ताओं ने साबित किया है.
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड़ प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं को केंद्र से जो भी कार्यक्रम दिए जाते हैं उसे गंभीरता के साथ किया जाता है और आगे भी किया जाता रहेगा. इस दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए भाजपा नेताओं ने उन्हें उनके नए दायित्व और उज्ववल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामना दी.

बूथ स्तर पर पहुंचें- पवन साय
मौके पर नये संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का काम कई प्रक्रिया के रूप में हमेशा चलती रहती है. यह संगठन विस्तार की एक प्रक्रिया है. उसी निमित अभी कई कार्यक्रम चल रहा है. पार्टी कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज मे जाना चाहिये और काम करना चाहिए।
श्री साय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत और चुनाव जीतने के मंत्र के रूप में बूथ मजबूत करने पर जोर दिया. कहा कि अगर आपका बूथ मजबूत होगा तभी आप चुनाव जीत पाएंगे.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया. अभिनंदन समारोह में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड़ सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री सह उतर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे.
