हजारीबागः हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जोराकाठ गांव में एक सड़क निर्माण कंपनी की साइट पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला बोला. इस दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगी आठ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. इनमें जेसीबी मशीन, हाईवा ट्रक, ग्रेडर मशीन और जेनरेटर भी शामिल है.
जानकारी के मुताबिक एनटीपीसी बादम कोयला परियोजना के लिए चरही जोराकाट तक सड़क बनाई जा रही है. सड़क का निर्माण मां इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा की जा रही है.
कंपनी के मैनेजर रवि कुमार ने बतायाहै कि कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई है. जबकि कई लोग मौके से भाग निकले. लगभग 35 की संख्या में हथियार से लैस अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. आगजनी की घटना से पूरा इलाका धुंआ से भर गया था.
साइट पर खड़ी दो जेसीबी मशीनें, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, एक पानी टैंकर और एक जनरेटर को पूरी तरह जला दिया गया.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रात में अचानक आग की तेज लपटें और धमाके सुनाई दिए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण का प्रयास किया.
हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने कहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया है. जल्दी अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
