धनबाद. कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान ने जेल जाने से पहले पुलिस से गुहार लगाई कि पुलिस उसके भाई प्रिंस खान का एनकाउंटर कर दे. प्रिंस से पूरा परिवार तंग आ चुका है.
धनबाद पुलिस ने बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है. पुलिस हिरासत में बंटी खान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने प्रिंस को चुनौती भी दी कि दम है तो वह धनबाद आए और सरेंडर करे. और कानून का सामना करे. 42 सेकेंड के इस वीडियो में वह कह रहा है- “मेरा नाम बंटी खान उर्फ जियाउल हक है. प्रिंस मेरा छोटा भाई है. उसके चक्कर में बहुत परेशान हैं हम, और हमारा परिवार. मां-बाप उसको समझाया, लेकिन वह नहीं सुधरा.”
एक नंबर का नशेड़ी है
बंटी खान यहीं नहीं रूका. उसने कहा, प्रिंस खान एक नंबर का गंजेड़ी, भंगेड़ी है. वह अपने भाग गया अपने परिवार के साथ और हमलोग को परेशान होने के लिए छोड़ दिया. इतनी हिम्मत है, इतना बड़ा गैंगस्टर बनता है तो आओ धनबाद में कानून का सामना करो. और हम पुलिस से अनुरोध करना चाहते हैं कि पुलिस उसका एनकाउंटर करे, हम मिट्टी में भी नहीं जाएंगे उसके. हम प्रशासन से कहना चाहते हैं कि हमें और हमारे परिवार को बचाया जाये. इन सभी चीजों से.
बताया जा रहा है कि बंटी ने पुलिस को यह भी बताया कि पिता बीमार हैं, लेकिन वह घरवालों को नहीं देख रहा है. सिर्फ अपनी पत्नी और ससुराल वालों को साथ लेकर चल रहा है. अपने ऐशो-आराम के लिए पूरे परिवार को दलदल में धकेल दिया. पुलिस ने सोमवार को बंटी को जेल भेजा था. पुलिस उसे रिमांड पर लेने के प्रयास में है. इसके लिए न्यायालय में अर्जी देने की तैयारी है।
