हजारीबागः हूल दिवस के मौके पर 30 जून को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हजारीबाग में होगा.
जिला कार्यालय नवाबगंज, हजारीबाग में एक प्रेस कांफ्रेंस में भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने बताया है कि इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा और राज्यसभा सांसद पी संतोष बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे.
महेंद्र पाठक ने कहा कि लंबे संघर्ष और अनगिनत शहादत के बाद 25 वर्ष पहले जिन अरमानों को लेकर झारखंड राज्य का निर्माण किया गया था वह अरमान अब धीरे-धीरे दरकने लगा है. जल, जंगल, जमीन, और यहां की खनिज संपदा जिस पर पहला अधिकार झारखंडियों का था उस पर कॉर्पोरेट लोगों का कब्जा धीरे-धीरे होते जा रहा है. झारखंड के नौजवान नौकरी के तलाश में दिल्ली, मुंबई, गुजरात, सूरत और दूसरे प्रदेशों में पलायन करने के लिए मजबूर है.
राज्य सरकार के अधीन कई पद खाली है पर उसको भरा नहीं जा रहा है. इन्हीं सब बातों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने हूल दिवस के अवसर पर 30 जून को हजारीबाग टाउन हॉल में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है, सम्मेलन में ‘बचाओ हजारीबाग बदलो हजारीबाग’ ‘बचाओ झारखंड बदलो झारखंड’ के नारे के साथ नई लड़ाई की शुरुआत की आगाज होगी.
विधायक, सांसद पर हमला
जिला सचिव अनिरुद्ध कुमार ने आरोप लगाया कि हजारीबाग के सांसद, विधायक हजारीबाग की खनिज संपदाओं को लूटने में मशहूर हैं कोयला, बालू, जल-जंगल-जमीन की लूट मची हुई है. बड़का गांव में कोयल की लूट चरम सीमा पर है जमीन को बचाने के लिए बड़का गांव के हजारों किसान कई वर्षों से सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं. संघर्ष में धार देने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन में विचार होगा.
