धनबादः धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढांगी पहाड़ी के पास 11 सितंबर को मिली महिला की सिर कटी लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
अपने बेटे के प्रेम विवाह से क्षुब्ध ससुर संतोष रवानी ने बहू की हत्या की साजिश रची थी.
इस कांड में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हालांकि संतोष रवानी की गिरफ्तारी बाकी है. पुलिस का दावा है कि जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सोमवार को बैंक मोड़ थाना में एक प्रेस कांफ्रेंस में दी.
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में जयराम रवानी (राजगंज), किशोर महतो (बलियापुर), आलोमनी देवी (मृतका की मौसी की सहेली बलियापुर) और राम प्रसाद रजवार (बलियापुर ) शामिल है.
पुलिस जांच के अनुसार युवती ने संतोष रवानी के बेटे कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था. इस शादी से कृष के पिता संतोष रवानी बेहद नाराज थे.
बहू को रास्ते से हटाने के लिए संतोष रवानी ने साजिश रची और सहयोगियों की मदद से युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने की नीयत से धड़ और सिर को अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया था. सिक एक बोरी में रखा पड़ा था.
घटनास्थल और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार छुरा, मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन जब्त किया हैं.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मृतका 9 सितंबर से लापता थी. इस बात की जानकारी उसके पति कृष रवानी ने ससुर संदीप रवानी को फोन पर दी थी.
11 सितंबर को शव मिलने के बाद संदीप रवानी के आवेदन पर बलियापुर थाना में कांड संख्या 155/2026 दर्ज किया गया था.
मुख्य साजिशकर्ता ससुर संतोष रवानी और मौसी समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.
