धनबादः धनबाद जिले के बलियापुर थाना अंतर्गत ढांगी गांव के समीप खेरबड़िया नामक सुनसान जगह पर शुक्रवार की सुबह एक महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई.
महिला का शव जहां पड़ा था, उससे करीब 100 मीटर की दूरी पर एक खेत की आड़ में उसका कटा सिर प्लास्टिक की बोरी में रखा पड़ा था.
घटनास्थल पर जहां मृतका का धड़ पड़ा था, उसके ठीक दो-तीन मीटर दूर लाल कपड़ा और अगरबत्ती के टुकड़े पड़े थे. वहीं, धड़ के कटे गर्दन वाले स्थान पर मिट्टी से लेप कर दिया गया था.
महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से मिलने और घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या नरबलि के उद्देश्य से की गई हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी आशंका की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा.
इससे पहले शुक्रवार की सुबह किशोर कुमार महतो नामक युवक जब उधर शौच के लिए गया तो युवती का शव देखकर भयभीत हो गया. उसने गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बलियापुर पुलिस को सूचना दी.
रांची से बुलाई गई स्पेशल टीम
बलियापुर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और तहकीकात शुरू की. पुलिस ने मृतका के धड़, कटे सिर और लाल सालू आदि अवशेषों को चूना से घेर दिया है, ताकि कोई उनसे छेड़छाड़ नहीं कर सके. पुलिस विस्तृत जांच के लिए रांची से स्पेशल टीम और खोजी कुत्ते के आने का इंतजार कर रही है.
