रांचीः राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और एआई आधारित स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 सितंबर और एक अक्टूबर को झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव का आयोजन होटल बीएनआर में किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्क्लेव की तैयारियां पूरी कर ली है.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने माडिया से कहा है कि मॉडल हेल्थ सिस्टम और डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में झारखंड को अग्रणी बनाने की कवायद तेज है. राज्य को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर और तकनीक आधारित सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में यह कॉन्क्लेव महत्वपूर्ण साबित होगा.
उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार इस स्तर का डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य केवल नई तकनीकों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि झारखंड की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीक को स्वास्थ्य व्यवस्था का हिस्सा बनाना है.
कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य क्षेत्र की जिन आधुनिक तकनीकों पर विशेष चर्चा और प्रदर्शन होगा इनमें प्रमुख रूप से रोबोटिक सर्जरी, टेली-आईसीयू, टेलीमेडिसिन, टेली-एसएनसीयू, टेली-रेडियोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, पेपरलेस हॉस्पिटल, दूरदराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श जैसी तकनीकों को शामिल किया गया है.
सीएम करेंगे उदघाटन
कॉन्क्लेव के पहले दिन 30 सितंबर को मुख्यमंत्री उदघाटन करेंगे. कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की भी शुरुआत करेंगे इनमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किया गया एआई सहायक ‘सहज’, टेलीमेडिसीन, मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) पोर्टल, डिजिटल डैशबोर्ड, अस्पतालों में ऑनलाइन भुगतान और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
कॉन्क्लेव में गूगल, माईक्रोसॉफ्ट, अमेजन के साथ-साथ देश-विदेश की नामी गिरामी एआई प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि, विभिन्न सरकारी एजेंसियां, स्वास्थ्य एवं तकनीकी क्षेत्र के अधिकारी और विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे.
