रांचीः झारखंड और पूरे भारत का नाम रौशन करने वाले रोशन थापा को राज्यपाल संतोष गंगवार ने लोकभवन रांची में बधाई दी और सम्मानित किया.
उन्होंने कहा यह अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है. गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित ‘प्रथम विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप’ में झारखंड के बेहतरीन योगासन खिलाड़ी रोशन थापा ने वैश्विक मंच पर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है.
इस अवसर पर योगासना स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राज्यपाल को अंग वस्त्र भेंट कर संगठन के बारे में विस्तार पूर्वक बताया और झारखंड में योगा के खिलाड़ियों को झारखंड सरकार द्वारा प्रोत्साहन प्रदान हो इसके लिए कई मांग भी रखी.
उन्होंने बताया थापा ने इस वैश्विक प्रतियोगिता के ‘सीनियर बी’ कैटेगरी के ट्रेडिशनल इंडिविजुअल इवेंट (Traditional Individual Event) में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) अपने नाम किया और विश्व चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित है। इस प्रतियोगिता में 78 देश के प्रतिभागी शामिल हुए जिसमें 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया.
लोकभवन में राज्यपाल से मिलने वालों में रांची जिला योगासन खेल संघ के अध्यक्ष डॉ.संतोषी कुमारी,योगासना स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के तकनीकी निर्देशक प्रहलाद भगत भी उपस्थित रहे.
