रांचीः रांची के खेलगांव थाना अंतर्गत भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) के हॉस्टल में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्र की हुई मौत के बाद छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा.
हॉस्टल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में लापरवाही और अन्य सुविधाओं की कमी को लेकर छात्र-छात्राएं निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं.
सोमवार को चेयरपर्सन छात्रों से बातचीत करने पहुंचे, लेकिन काफी देर तक गतिरोध बना रहा. दोनों पक्षों में बातचीत शुरू होने से पहले ही हंगामे की स्थिति बन गयी.
मेस में खाना नहीं बना
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि प्रबंधन ने पहले आश्वासन दिया था कि 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चेयरपर्सन और निदेशक उनसे मुलाकात करेंगे.
छात्रों के अनुसार 11 अक्टूबर को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच के दौरान मेस में खाना नहीं बना था, जबकि सोमवार को भी भोजन नहीं दिया गया. छात्र सुबह से भूखे पेट धरने पर बैठे रहे. और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निदेशक के इस्तीफे की मांग करते रहे.
प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने कहा कि उनके बैचमेट के साथ जो हुआ, वह गंभीर मामला है. जब तक चेयरपर्सन प्रदर्शन स्थल पर आकर छात्रों से बात नहीं करते और निदेशक इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे.
क्या हुआ शनिवार की रात
शनिवार की रात में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य ने अपने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की. हॉस्टल के छात्र सीढ़ियों से लेकर उसे नीचे उतरे.
छात्रों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस की सेवा नहीं मिली और न ही ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध थी. उनका कहना है कि समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता मिलती, तो आदित्य की जान बच सकती थी.
छात्रों का आरोप है कि घटना के बाद आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के कारण आदित्य की मौत हुई. इस बीच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही है. मृतक छात्र आदित्य पूर्णिया, बिहार के रहने वाले थे. उनके पिता ने संस्थान के निदेशक और अन्य कर्मियों के खिलाफ खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
