रांचीः रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने के मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की तीन सदस्यीय टीम आरएसएस कार्यालय पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
उधर रांची पुलिस ने जांच के लिए एक एसआईटी गठित की है. इससे पहले रांची के एसएसपी राकेश रंजन भी घटना की जानकारी लेने पहुंचे थे. डॉग स्कावयड को भी बुलाया गया.
दोपहर बाद एनआआईए की टीम ने कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया.
उधर डीजीपी ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और रांची पुलिस के त्वरित तथा ठोस कार्रवाई करने को कहा है.
मंगलवार की आधी रात
गौरतलब है कि चुटिया थाना क्षेत्र में निवारणपुर स्थित आरएसएस के कार्यालय पर देर रात करीब 12.36 बजे दो पेट्रोल बम फेंके गए हैं. बम फेकने वाले नकाबपोश दो लड़के सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं.
सुबह जब स्वयंसेवक एकात्मता स्तोत्र पाठ के लिए हॉल में गए, तो फर्श पर पेट्रोल भरी बोतलें दिखीं. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तब जाकर हमले की पूरी जानकारी सामने आई.
घटना के समय कार्यालय में प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख आनंद तुलस्यान, अजय कुमार, प्रांत कार्यालय प्रमुख नरसिंह सिंह, महानगर प्रचारक विशाल कुमार समेत कई स्वयंसेवक और कर्मचारी मौजूद थे.
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, रांची के विधायक सीपी सिंह समेत पार्टी के कई नेता निवारणपुर पहुंचे.
रांची के एसएसपी राकेश रंजन जायजा लेने पहुंचे. कार्रवाई को लेकर उन्होंने पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करने में जुटी है.
इसके बाद डॉग स्कावयड की टीम को भी बुलाया गया. आरएसएस के पदाधिकारियों के साथ आसपास के लोगों से भी रात की गतिविधियों की जानकारी ली गई है.
