जामताड़ाः जामताड़ा जिले में प्रारूप मतदाता सूची को लेकर भाजपा ने कथित तौर पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच की मांग की है.
भाजपा के जामताड़ा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मतदाता सूची में दर्ज कुछ प्रविष्टियों को लेकर सवाल उठाये.
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने दावा किया कि जीतूडांगाल मतदान केंद्र संख्या 243 के मकान नंबर एक में कुल 54 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं.
सुमित शरण ने कहा कि वर्तमान समय में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है. ऐसे में सामने आ रही प्रत्येक संदिग्ध प्रविष्टि की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पात्र नागरिकों का अधिकार सुरक्षित रहे और मतदाता सूची की विश्वसनीयता भी बनी रहे.
भाजपा नेताओं के अनुसार, एक ही मकान नंबर पर दर्ज इन मतदाताओं में हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हैं. यह कैसे संभव है.
इसी आधार पर भाजपा ने चुनाव आयोग से मकान नंबर एक में दर्ज सभी 54 मतदाताओं के नाम और पते का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है.
सुमित ने कहा कि भाजपा किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाने के पक्ष में नहीं है. लेकिन यदि कहीं गलत, डुप्लीकेट या संदिग्ध प्रविष्टियां हैं, तो उनका नियमानुसार सत्यापन और सुधार भी उतना ही आवश्यक है.
प्रविष्टियों की भी जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची में दर्ज मकान संख्या शून्य वाली प्रविष्टियों की भी जांच कराने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह की प्रविष्टियों का सत्यापन किया जाना जरूरी है, ताकि वास्तविक मतदाताओं के नाम सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे.
इसके साथ ही भाजपा ने प्रशासन और चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. पार्टी नेताओं का कहना है कि संदिग्ध प्रविष्टियों का सत्यापन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए.
भाजपा ने मांग की है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रविष्टि में अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाये.
