झारखंड में विशेष गहन पुरनरीक्षण की प्रक्रिया में तेजी के साथ अलग- अलग जिलों से सामने आती शिकायतों पर जांच भी तेजी से की जा रही है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार खुद हर शिकायत और गड़बड़ियों की मोनिटरिंग कर रहे हैं. साथ ही जिलो के उपायुक्तों के साथ ईआरओ और एईआरओ को आवश्यक निर्देश भेजे जा रहे हैं.
जामताड़ा जिले में प्रारूप मतदाता सूची को लेकर एक ही मकान में 54 वोटरों के मामले में जिले के उपायुक्त आलोक कुमार ने मतदाता पंजीकरण अधिकारी और सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO और AERO) को जांच के आदेश दिए हैं.
उन्होंने कहा है, “SIR की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है. जो भी हम लोगों ने ड्राफ्ट प्रकाशित की है, इसमें सारे हमारे बूथ लेवल एजेंट्स और पार्टियों के बीएलएस को भी सूचित किया गया है. यह मामला संज्ञान में आया है, उसमें हम लोग जांच करा रहे हैं. अगर कोई भी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दोषी के ऊपर कार्रवाई की जाएगी.”
गौरतलब है कि जामताड़ा जिले में प्रारूप मतदाता सूची को लेकर भाजपा ने कथित तौर पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच की मांग की है.
भाजपा के जामताड़ा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मतदाता सूची में दर्ज कुछ प्रविष्टियों को लेकर सवाल उठाये.
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने दावा किया कि जीतूडांगाल मतदान केंद्र संख्या 243 के मकान नंबर एक में कुल 54 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं. एक ही मकान नंबर पर दर्ज इन मतदाताओं में हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हैं. यह कैसे संभव है.
सरिया बीडीओ पर लगे आरोप में जांच
उधर गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड के कुसमाडीह में SIR कैंप के दौरान बीडीओ के द्वारा ग्रामीणों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और अभद्र आचरण को लेकर उपायुक्त ने जांच बैठायी है.
जांच की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता गिरिडीह और अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर -सरिया को दी ग है.
बगोदर के पूर्व विधायक विनेद कुमार सिंह ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को क शिकायत पत्र भेजा गया था. विनोद सिंह के पत्र के आलोक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उपायुक्त से रिपोर्ट मांगी है. उपायुक्त ने इसी पत्र का हवाला देते हुए जांच बैठायी है.
यह मामला काफी तूल पकड़ा हुआ है. बगोदर के पूर्व विधायक ने इसी मामले में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय से भी शिकायत की थी.
एसआईआर कैंप के दौरान कुसमाडीह में ग्रामीणों पर किए गए मुकदमा, के खिलाफ और मारपीट करने वाले पदाधिकारी पर मुकदमा दर्ज करने के लिए सरिया में हुआ विरोध मार्च भी निकाला गया था. विनोद सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने सरिया थाना का घेराव किया था. तब जाकर बीडीओ के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है.
